ghazal लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ghazal लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 2 जनवरी 2015


                         ग़ज़ल

दे     रहा    आवाज़    कोई    खिड़कियाँ    तो    खोलिए   
रंज     है    नाराज़गी     है   बात    क्या    है     बोलिए 

दुश्मनी   का  क्या   किसी   से  भी   कहीं  भी  कीजिये    
दोस्ती    करने    से     पहले   आदमी    को     तोलिए 

रोज़    उनको    देखते    हैं    और    कहते   हैं   ग़ज़ल   
वो   हमारे   हों   न   होँ   हम  तो  उन्ही  के  हो   लिए 

रात    देखा   मुस्कुराते    ख़्वाब   में  माँ -  बाप   को     
ज़िन्दगी   के   पाप   सारे   एक   पल   में  धो    लिए 

था   यही  डर   शाईरों   की   ज़ात   ना   बदनाम    हो      
महफिलों   में  मुस्कुराए    कागज़ों    पे   रो   लिए 

सिर्फ    'तनहा'   चाशनी    से   ज़ाइक़ा   आता   नहीं    
ज़िन्दगी   में   आंसुओं   का   भी  नमक  तो  घोलिये 

         -  प्रमोद  कुमार  कुश 

       

मंगलवार, 27 मार्च 2012

यूं ही चलते हुए ...

यूं ही चलते हुए ...

यूं ही चलते हुए रुका होगा
फ़िर तेरे शहर में लुटा होगा

उसकी आँखें बहुत छलकती हैं
वो समंदर से खेलता होगा

ख़्वाब आते हैं बंद पलकों में
रात भर जागने से क्या होगा

आज माँ बाप की दुआ ले लूँ
मेरा आँगन हरा भरा होगा

कुछ तुम्हारी जफ़ा से टूट चुके
कुछ मुक़द्दर में ही लिखा होगा

रूठकर चल दिया मगर 'तनहा'
फ़िर किसी मोड़ पर खडा होगा

- प्रमोद कुमार कुश ' तनहा '

रविवार, 21 अगस्त 2011

तुझे आवाज़ दी है ...

ख़यालों में तुझे आवाज़ दी है
ये गुस्ताख़ी हमीं से हो गयी है

तुम्हारी सादगी ने दिल लिया था
तुम्हारी बेरुख़ी ने जान ली है

करेगी बात क्या दुनिया,न सोचो
करो वो बात जो दिल ने कही है

कहाँ किस रोज़ कितने घर जले हैं
ख़बर अखबार में अब तो यही है

तेरी गलियों में ' तनहा 'घूमता हूँ
तेरे दीदार की दीवानगी है

सोमवार, 7 जुलाई 2008

जुल्फें न यूं बिखेरो ...

जुल्फें न यूं बिखेरो आँचल न यूं उड़ाओ
सावन के बादलों पे थोड़ा सा तरस खाओ

बरसात का ये मौसम जायेगा कर के पागल
मेरे क़रीब आ के चूड़ी न खनकनाओ

तिरछी नज़र से मुझको देखो न मुस्कुरा के
दीवाना हूँ मुझे तुम इतना न आजमाओ

गाती हुई घटा का संगीत थम न जाए
बूंदों की ताल पे तुम पायल न छ्नछ्नाओ

बांधा है मुश्किलों से छोटा - सा आशियाना
अंगड़ाई के बहाने बिजली न तुम गिराओ

- प्रमोद कुमार कुश ' तनहा '